प्रयागराज के शिक्षकों का वेतन अटका, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 


-जिलाधिकारी ने तत्काल वार्ता कर दिया आश्वासन

प्रयागराज, 29 मई (हि.स)। प्रयागराज जनपद के अशासकीय महाविद्यालयों में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लम्बित वेतन भुगतान की समस्या को लेकर शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। अवगत कराया गया कि जनपद के विभिन्न अशासकीय पांच महाविद्यालयों के लगभग 200 शिक्षक एवं कर्मचारी अप्रैल 2026 माह के वेतन से अब तक वंचित हैं, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि शासन स्तर पर नवीन क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति के उपरांत वेतन निर्गमन की प्रक्रिया प्रयागराज कार्यालय से होनी है, किंतु आवश्यक यूज़र आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध न होने के कारण वेतन भुगतान बाधित है।

जिलाधिकारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य कोषाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता की तथा एक-दो दिनों के भीतर वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के संवेदनशील एवं सकारात्मक हस्तक्षेप के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से शीघ्र ही वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण होगी तथा शिक्षकों एवं कर्मचारियों को राहत प्राप्त होगी।

प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से प्रो राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. पवन कुमार पचौरी, महामंत्री प्रो. बिपिन कुमार, जिलाध्यक्ष प्रो. रामलखन पाल, जिला उपाध्यक्ष प्रो. एस.पी विश्वकर्मा, महाविद्यालय अध्यक्ष प्रो. धर्मेन्द्र कुमार सिंह, महामंत्री प्रो. प्रमोद यादव, प्रो राजेंद्र प्रसाद तिवारी, प्रो. अनुराग त्रिपाठी, प्रो. ए.सी. सिंह, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. मनीष कुमार श्रीवास्तव, डॉ. प्रेमचन्द्र, डॉ. विवेक श्रीवास्तव, अमन कुमार, रोहित कुमार, अनिल यादव सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र