सैफई में अब नहीं हो रहा नाच, सपा के लाेग एआई से अखिलेश को नचा रहे : ओमप्रकाश राजभर
जौनपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा के छठवें दिन सोमवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पहुंचे। उन्होंने रामकथा को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भगवान श्रीराम के जीवन से भाईचारे, एकता और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की सीख लेने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए विपक्ष को निशाने पर लिया।
पत्रकारों से बातचीत में राजभर ने कहा कि भगवान श्रीराम ने धरती पर जन्म लेकर अत्याचारियों का विनाश किया और समाज को अन्याय के खिलाफ खड़े होने का संदेश दिया। भगवान श्रीराम ने वानर और भालुओं को साथ लेकर लंका पर विजय प्राप्त की। समुद्र पर सेतु निर्माण में नल और नील जैसे योद्धाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि रामकथा से प्रेरणा लेकर लोगों को आपसी द्वेष भुलाकर भाईचारे के साथ रहना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने उसे हताशा और निराशा से भरा बताया। उन्होंने कहा कि वह इस बयान की निंदा करते हैं और खरगे को पूरे देश के सामने माफी मांगनी चाहिए।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के वोट चोरी के आरोपों पर राजभर ने कहा कि यदि चुनाव में धांधली हुई है तो सपा के जीते हुए सांसद और विधायक इस्तीफा दें, तभी उनकी बात को गंभीरता से लिया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। विपक्ष के नेता शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास जैसे विषयों पर चर्चा करने के बजाय बेवजह के विवाद खड़े करते हैं।
राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने सेना को खुली छूट दी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण और अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण को विकास की उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है। सपा सरकार के दौरान दंगे, कर्फ्यू और गैंगवार जैसी घटनाएं होती थीं, जबकि योगी सरकार ने इन पर अंकुश लगाया है।
सपा पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा, “अब तो सैफई में नाच भी नहीं हो रहा है, सपाई खुद एआई से अखिलेश यादव को नचा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि नेताओं के एक दल से दूसरे दल में आने-जाने से कोई खास फर्क नहीं पड़ता। जनता का समर्थन महत्वपूर्ण है और आम जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव