समाज को बांटने की राजनीति कर रहे अखिलेश यादव : साध्वी निरंजन ज्योति

 


--बंगाल में अंधेरा छंटने लगा, अब कमल खिलने जा रहा : साध्वी निरंजन ज्योति

प्रयागराज, 10 अप्रैल (हि.स)। पूर्व केंद्रीय मंत्री राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि सभी समाज के माता-पिता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है अपने बच्चों को वह शिक्षित करें और संस्कारवान बनाएं। जिससे आने वाली पीढ़ी शिक्षित हो और उनके बढ़ते हुए कदम को कोई रोक न पाए। इसके साथ ही समाज बांटने की राजनीति करने वाले लोग उन्हें तोड़ न पाए।

शुक्रवार को महापौर गणेश केसरवानी के नेतृत्व में सदियापुर में पूर्व पार्षद ऋषि निषाद के सभागार में साध्वी साध्वी निरंजन ज्योति का स्वागत अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पिछड़ा आयोग की अध्यक्षा ने कहा कि राजनीति समाज को जोड़ने की होनी चाहिए न कि तोड़ने की। लेकिन उत्तर प्रदेश के अंदर पीडीए के नाम पर समाज को तोड़ने की राजनीति कर रहे हैं अखिलेश यादव। और ऐसी जातिवादी जहर के नाम पर राजनीति करने वाले अखिलेश यादव को आने वाले 2027 में प्रदेश की जनता कमल खिलाकर उन्हें सबक सिखाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 से लगातार समाज के दबे कुचले कमजोर वर्ग के लोगों के लिए उनके विकास और उनके उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके द्वारा दिया गया नारा सबका साथ, सबका विकास सामाजिक कल्याण और सामाजिक शक्ति का मूल मंत्र बन गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून व्यवस्था इतनी चुस्त और दुरुस्त है कि अपराधी सिर उठा नहीं पा रहे हैं और प्रदेश के अंदर अमन चैन कायम है। उन्होंने कहा कि असम की जनता तीसरी बार कमल खिला रही है और बंगाल में अंधेरा छट रहा है और कमल खिलने जा रहा है।

इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी, भाजपा नेता मलयज शर्मा, राजेश केसरवानी, पूर्व पार्षद ऋषि निषाद, पार्षद श्रीमती राधा निषाद ने साध्वी निरंजन ज्योति को स्मृति चिन्ह भेंट कर एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान अमित गुप्ता, पार्षद साहिल अरोरा, अरविंद निषाद, ध्रुव निषाद, मनोज निषाद, अमन गुप्ता, रणविजय सिंह, रेखा कनौजिया, ज्ञान कुशवाहा, सुमित सिंह बागी, श्याम निषाद, मनीष निषाद, आभा साहू, रीना निषाद आदि सैकड़ों भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र