सादाबाद में दो सप्ताह में चार बच्चे लापता, परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार
-सभी मामलों में परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी, पुलिस तलाश में जुटी
हाथरस, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में पिछले लगभग 14 दिनों में चार किशोर लापता हो गए हैं। इन घटनाओं से परिजनों की चिंता बढ़ गई है, और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। सभी मामलों में कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है।
पहला मामला खेड़ा बरामई गांव का है। यहां के निवासी राजवीर सिंह के 16 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार 3 जुलाई से लापता हैं। परिजनों ने बताया कि अनुज ने 25 जून को वृंदावन के संत प्रेमानंद आश्रम में दीक्षा ली थी। 3 जुलाई को वह लाइब्रेरी जाने की बात कहकर घर से निकला था, इसके बाद से कोई पता नहीं चला। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी प्रकार दूसरा मामला ग्राम आरती से संबंधित है। रजनी पत्नी अशोक कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 6 जुलाई की दोपहर उन्होंने अपने 14 वर्षीय पुत्र हेम कुमार को स्कूल न जाने पर डांटा और थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद हेम नाराज होकर घर से चला गया और वापस नहीं लौटा। परिजनों की तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने इस मामले में 15 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज की।
तीसरा किशोर ऊंचागांव (सुसाइन) से लापता हुआ है। दिनेश कुमार पुत्र कालीचरन के अनुसार उनका 17 वर्षीय पुत्र शिवा 13 जुलाई की शाम करीब पांच बजे घर से निकला और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने उसकी तलाश में हर संभव प्रयास किया है। चौथा मामला सादाबाद के प्रकाश नगर का है। ओमप्रकाश पुत्र प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि 12 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे उनका पुत्र विष्णु अपने पड़ोसी धर्मेंद्र पुत्र महेश के साथ घर से निकला था। इसके बाद से बीती शाम काे पड़ाेसी का बेटा ताे लाैट आया जबकि उनका बेटा नहीं लाैटा है। सादाबाद काेतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस सभी लापता किशोरों की तलाश के लिए लगातार प्रयास कर रही है। संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है और परिजनों के साथ समन्वय स्थापित कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है, किशोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना