सबसे अधिक एक्सप्रेस और हवाई अड्डा वाला प्रदेश बना यूपी : अनिल राजभर

 

सिद्धार्थनगर, 26 मार्च (हि.स)। उत्तर प्रदेश सरकार के आठ वर्ष कार्यकाल पूर्ण होने पर लोहिया कला भवन में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार काे प्रतिभाग करने आये जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर विकसित राज्य की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है।

अनिल राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के आठ वर्ष पूरे हुए हैं। वर्ष 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में जंगल राज था। कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई थी। उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था। योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार तेजी से बढ़ने लगी। कानून व्यस्था में काफी सुधार हुआ। एक बीमारू राज्य से उत्तर प्रदेश विकसित राज्य बन गया। आज उत्तर प्रदेश कल कारखानों की दृष्टि देश में पहले नंबर पर है। एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था सबसे बेहतर है। पिछले 8 वर्षों में फैक्ट्रियों का सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुआ।

उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा एक्सप्रेस वे, हवाई अड्डा वाला प्रदेश बन गया है। किसानों को आत्महत्या नहीं करना पड़ रहा है। पहले यहां विकास की दर 12वें स्थान पर थी। आज हम दूसरे स्थान पर हैं। आज उत्तर प्रदेश की पहचान सर्वोत्तम प्रदेश के रूप में हो रही है। 2029 तक उत्तर प्रदेश की अर्थ व्यवस्था को वन ट्रिलियन डालर तक पहुंचाने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी