सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प
हाथरस, 14 अप्रैल (हि.स.) जिले के गांव नगला झुन्ना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। आगरा अलीगढ़ राजमार्ग स्थित गांव के मुख्य द्वार पर बाबा साहब की प्रतिमा पर अनुयायियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान जय भीम और बाबा साहब अमर रहें के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए उनके कार्यों को याद किया। उन्होंने बताया कि बाबा साहब ने भारतीय संविधान के माध्यम से देश को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का मजबूत आधार प्रदान किया। इस अवसर पर बाबा साहब के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक संस्मरण सुनाए गए। अतिथियों और अनुयायियों का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। आयोजन स्थल को नीले रंग के झंडों और सजावट से आकर्षक रूप दिया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एडीओ राजेश किंग उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने डॉ. अंबेडकर के जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में शिक्षा, समानता और भाईचारे को बढ़ावा दिया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहब के बताए रास्ते पर चलने और सामाजिक एकता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर रमेश चंद्र जाटव, मुकेश पिप्पल, मोहन मालती स्वरूप, सुनील कुमार, गजेंद्र सिंह, रामकिशन प्रधान, अवर अभियंता संजय सिंह, राकेश कुमार, सुशील कुमार, अरविंद सिंह, अजीत कुमार, निहाल सिंह, अमर सिंह कटारा, सुग्रीव सिंह, मुरारी लाल, लाखन सिंह, महेश चंद्र और कृपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में अनुयायी और ग्रामीण मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना