औरैया की ग्रामीण बेटियां वैष्णवी और पायल का नोएडा के विद्यालय में चयन

 


औरैया, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया के ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में सफलता का परचम लहराते हुए जिले का मान बढ़ाया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘श्रेष्ठा योजना’ के अंतर्गत पहली बार स्वामी विवेकानन्द इंटर कॉलेज, सहार की दो छात्राओं वैष्णवी और पायल का कक्षा 11 में अध्ययन के लिए चयन हुआ है। दोनों छात्राओं को नोएडा स्थित प्रतिष्ठित महामाया बालिका इंटर कॉलेज में प्रवेश मिला है, जहां रहकर वे उच्च शिक्षा प्राप्त करेंगी। उनकी शिक्षा, आवास तथा अन्य सभी खर्च भारत सरकार उठाएगा।

विद्यालय के भौतिकी प्रवक्ता रामेन्द्र सिंह कुशवाहा ने साेमवार काे उक्त जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि 21 दिसंबर को आयोजित लिखित परीक्षा में पायल ने 1312वीं तथा वैष्णवी ने 1346वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद 7 से 12 मई तक आयोजित प्रथम काउंसलिंग में दोनों छात्राओं का चयन नोएडा के प्रतिष्ठित विद्यालय के लिए किया गया।

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व वर्ष 2023 में भी विद्यालय की छात्रा ललिता का चयन इसी योजना के अंतर्गत कक्षा 9 में हुआ था, जो वर्तमान में वहीं रहकर कक्षा 12 की पढ़ाई कर रही है। लगातार मिल रही इस सफलता से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।

विद्यालय के प्रबंधक अक्षय पाण्डेय एवं प्रधानाचार्य किशोर कुमार ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्हाेंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं और विद्यालय के साथ-साथ जनपद का नाम भी रोशन कर रही हैं।

छात्रा पायल के पिता जितेन्द्र सिंह तथा वैष्णवी के पिता अशोक कुमार ने विद्यालय परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत और प्रेरणा से उनकी बेटियां आज इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार