राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए समाज के सभी वर्गों का संगठित होना जरूरी : अतुल लिमये

 






- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रमुख जन गोष्ठी आयोजित

देवरिया, 10 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, देवरिया द्वारा देवरिया क्लब में शुक्रवार को प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य नागरिक, शिक्षक, अधिवक्ता, व्यापारी एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संघ के अखिल भारतीय सह सरकार्यवाह वरिष्ठ प्रचारक अतुल लिमये ने वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों, राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका एवं संगठन की कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संघ के सौ वर्ष की यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर समाज के प्रमुख लोगों के साथ इस प्रकार की गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए समाज के सभी वर्गों का संगठित होना आवश्यक है। सेवा, संस्कार और संगठन के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। युवाओं से उन्होंने राष्ट्रहित में आगे आने और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार रखे और ऐसी गोष्ठियों को समाज जागरण के लिए उपयोगी बताया।

व्याख्यान के अंत में जिज्ञासा समाधान सत्र में अतुल लिमये ने प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर दिए। इस अवसर पर संघ के विभाग, जिला एवं नगर स्तर के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रमुख जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधानाचार्य श्रवण ने किया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजधारी विभाग संघचालक , मकसूदन जिला संघचालक , नमो नगर संघचालक , रामप्रवेश विभाग कार्यवाह , कृष्णप्रताप, विकास जिला कार्यवाह , मुकुंद नगर कार्यवाह , विनय प्रांत कार्यवाह , वीरेंद्र सह प्रांत कार्यवाह , रमेश प्रांत प्रचारक , सुरजीत सह प्रांत प्रचारक , दीपक विभाग प्रचारक , आकाश जिला प्रचारक और सौरभ नगर प्रचारक आदि प्रमुख रूप से उपस्थति रहे;

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक