चुनौतियों से भरी रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्षों की यात्रा: सुभाष

 




गाजीपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के जनपद गाजीपुर के जिला पंचायत सभागार में सोमवार को प्रमुख जन गोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, जिला संघचालक जयप्रकाश ने भारत माता, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार एवं श्री गुरुजी के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन से किया।

इस अवसर पर बोलते हुए क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्षों की यात्रा अनेक चुनौतियों से भरी रही है। उपहास से लेकर आपातकाल जैसे कठिन दौर तक संघ ने अनेक परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन समाज और राष्ट्र के प्रति उसका कार्य निरंतर चलता रहा।

उन्होंने कहा, “संघ हम सबके उपासना का केन्द्र रहा है। प्रारंभ से ही संघ का विचार रहा है कि संगठित रहेंगे तो ठीक रहेंगे।” क्षेत्र प्रचार प्रमुख ने कहा कि संघ का प्रयोजन भारत है। राष्ट्र निर्माण के लिए समाज का संगठन और व्यक्ति निर्माण आवश्यक है। केवल ज्ञान प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ज्ञान का प्रभाव व्यक्ति के व्यवहार और चरित्र में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के समाज को संगठित करना और श्रेष्ठ व्यक्तित्व का निर्माण करना समय की आवश्यकता है।

सुभाष ने कहा कि अपनी मातृभाषा के साथ अन्य भाषाओं का ज्ञान भी प्राप्त करना चाहिए। इससे दुनिया की विभिन्न संस्कृतियों और विचारों को समझने का अवसर मिलता है। भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके लिए ज्ञान, चरित्र, संगठन तथा राष्ट्रभाव आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि संघ की दैनिक शाखा व्यक्ति निर्माण और संगठन का आधार है। शाखा के माध्यम से व्यक्ति में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक दायित्व और सेवा का भाव विकसित होता है। उन्होंने समाज परिवर्तन के लिए पंच प्रण सहित सामाजिक समरसता, कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य तथा सज्जन शक्ति के जागरण को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका सुभाष ने संवाद के माध्यम से समाधान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला प्रचारक प्रभात सहित गाजीपुर के विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्य नागरिक एवं सज्जन शक्ति उपस्थित रहे। अतिथियों का परिचय नगर कार्यवाह हर्ष ने तथा मंच संचालन सेवा प्रमुख अनुज ने किया। कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रचार प्रमुख चंद्र कुमार ने दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन