आरपीआई (आ.) का पदाधिकारी सम्मेलन व चुनाव प्रबंधन कार्यशाला 25 अप्रैल को

 


- कार्यशाला में केन्द्रीय मंत्री डॉ रामदास आठवले होंगे मुख्य अतिथि, पवन भाई गुप्ता करेंगे अध्यक्षता

लखनऊ, 22 अप्रैल(हि.स.)। रिपब्लिकन पार्टी आफ इण्डिया (आठवले) के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने बुधवार को बताया कि 25 अप्रैल को पार्टी चुनाव प्रबन्धन को लेकर पदाधिकारियों की लखनऊ में कार्यशाला आयोजित करने जा रही है। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) से विश्वेसरैया सभागार में होने वाली इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री डॉ रामदास आठवले शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष 2027 में होने वाले विधानसभा के चुनाव को लेकर पदाधिकारियों को प्रबन्धन के टिप्स भी देंगे। इस कार्यशाला में पार्टी के सभी प्रदेश पदाधिकारी और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बुलाए गए हैं। कार्यशाला में जिलाध्यक्ष भी प्रतिभाग करेंगे।

पवन भाई गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अति दलितों के अति पिछड़े ज्वलंत मुद्दों को उठाया जाएगा और पदाधिकारियों की राय लेकर आगामी विधानसभा के मुद्दे भी तय किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यशाला के पहले पार्टी का इसी दिन महिला कार्यकर्ता सम्मेलन गांधी सभागार मे होगा। प्रशिक्षण एवं महिला कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर पार्टी ने तैयारियों में पूरी ताकत झोंक दी है। इसके लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों को लगाया गया है। दोनों कार्यक्रमों में केन्द्रीय मंत्री डॉ रामदास आठवले की भागिदारी रहेगी और वह स्वयं कार्यक्रमों की अध्यक्षता करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने तैयारियों में प्रदेश महासचिवों को और लखनऊ इकाई के नगर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बड़ी संख्या में लोग प्रतिभाग करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा