बीबीएयू की छात्रा अनामिका की मौत पर आरपीआई (आ.) के जताया गहरा दुख
आरपीआई के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने प्रशासन के अड़ियल रवैये पर उठाए सवाल
लखनऊ, 29 अप्रैल (हि.स.)। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में दूषित भोजन के कारण छात्रा अनामिका की असामयिक मृत्यु पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस संबंध में बुधवार को अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को विश्वविद्यालय प्रशासन की घोर लापरवाही का परिणाम बताया है।
आरपीआई के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक उच्च शिक्षण संस्थान के छात्रावास में दूषित भोजन मिलना और उससे किसी छात्र की जान चली जाना एक अक्षम्य अपराध है। उन्होंने मांग की है कि मेस संचालक, हॉस्टल वार्डन और भोजन की गुणवत्ता की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और हत्या का मुकदमा दर्ज हो।
प्रशासन के रवैये पर नाराजगी
इस मामले में पत्र के माध्यम से पवन भाई गुप्ता ने विश्वविद्यालय प्रशासन के संवेदनहीन रवैये की भी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, बेहद शर्मनाक है कि इतनी बड़ी त्रासदी होने के बावजूद छात्रों को कुलपति (वीसी) से मिलने नहीं दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी कमियों को सुधारने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने और तानाशाही रवैया अपनाने में लगा है। कुलपति का छात्रों से न मिलना उनकी जवाबदेही से भागने की प्रवृत्ति को दर्शाता है।
पवन भाई गुप्ता ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, विश्वविद्यालय परिसर और छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता के लिए एक स्वतंत्र जांच समिति बनाई जाए, छात्रों की शिकायतों को सुनने के लिए कुलपति तत्काल उनसे संवाद करें।
उन्होंने अंत में कहा कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ.) इस दुख की घड़ी में मृतका के परिवार और न्याय की मांग कर रहे छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा