भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ आरपीआई (आ.) ने जताया विरोध

 


लखनऊ, 23 मई (हि.स.)। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया (आठवले) के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई प्रमुख जिलों में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार और विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था को आम जनता के लिए मुसीबत का सबब बताया है।

उन्होंने कहा कि रायबरेली, हरदोई, उन्नाव, अमेठी, बाराबंकी, सीतापुर, सुल्तानपुर, कानपुर और लखीमपुर सहित अन्य जिलों में अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भीषण गर्मी और उमस में बिजली की आंख-मिचौनी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों का हाल बेहाल है। घंटों बिजली गुल रहने के कारण न केवल घरों में रहना दूभर हो गया है, बल्कि पानी की आपूर्ति और इनवर्टर जैसी बुनियादी सुविधाएं भी दम तोड़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगे और प्रदेश सरकार अविलंब अघोषित बिजली कटौती को बंद करे और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करे। बिजली संकट का समाधान करने के लिए विभाग उन तकनीकी खामियों को तुरंत ठीक करे, जिनके कारण बार-बार ट्रिपिंग और कटौती हो रही है। भीषण गर्मी के इस दौर में जनता को परेशान करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

पवन भाई गुप्ता ने कहा कि आम जनता सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी व्यथा साझा कर रही है, जो कि प्रशासन की नाकामी को दर्शाती है। यदि जल्द ही स्थिति नहीं सुधरी, तो पार्टी को जनहित में कड़ा रुख अपनाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि चिलचिलाती धूप और उमस में बिजली की निरंतर उपलब्धता किसी विलासिता का विषय नहीं, बल्कि आम नागरिकों की आवश्यकता है। प्रदेश सरकार को इस संकट का संज्ञान लेते हुए युद्ध स्तर पर कार्य करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा