सदर स्टेशन पर आरपीएफ ने लौटाया साढ़े सात लाख रुपये मूल्य का खोया सामान
देवरिया, 31 जुलाई (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए सदर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री का छूटा हुआ सामान सुरक्षित लौटाकर मिसाल पेश की। ट्रॉली बैग में करीब 7.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद रखे थे।
आरपीएफ के अनुसार, 31 जुलाई को मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष वाराणसी से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 12165 के कोच एस-आठ में एक यात्री के दो ट्रॉली बैग छूट गए हैं। सूचना मिलते ही देवरिया सदर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर हेड कांस्टेबल रविशंकर शाह ने कोच की जांच कर दोनों ट्रॉली बैग बरामद किए और उन्हें सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट पर जमा करा दिया।
जितेंद्र यादव आरपीएफ पोस्ट पहुंचे और बैग अपना बताते हुए उसे वापस देने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से मऊ तक यात्रा कर रहे थे। मऊ स्टेशन पर उतरने की जल्दबाजी में उनके दोनों ट्रॉली बैग ट्रेन में ही छूट गए थे।
जितेंद्र यादव ने बैग में रखे सामान का पूरा विवरण दिया, जिसमें एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, तीन अंगूठियां, कान के झुमके, नाक की कील, मांग टीका, चांदी की पेटी, दो पायल, हाथफूल तथा 10 हजार रुपये नकद शामिल थे।
बैग खुलवाकर सामान का मिलान कराया गया जो पूरी तरह सही पाया गया।
पहचान पत्र के सत्यापन के बाद उपनिरीक्षक अक्षय कुमार सिंह ने गवाहों की मौजूदगी में शाम 5:15 बजे दोनों ट्रॉली बैग उनके सुपुर्द कर दिए। यात्री ने बैग में रखे सामान की कुल कीमत लगभग 7.50 लाख रुपये बताई।
अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर जितेंद्र यादव और उनके परिजनों ने आरपीएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक