सीतापुर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन
सीतापुर, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को श्री कृष्णा कॉलेज ऑफ फार्मेसी, अहमदनगर कसरैला परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में निजी क्षेत्र की 30 बाहरी कम्पनियों के साथ-साथ जनपद सीतापुर की 7 कम्पनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में कुल 1756 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 1040 अभ्यर्थियों को कम्पनियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किया गया।
मेले का शुभारम्भ नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर ‘गुरू जी’ द्वारा सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर एमएलसी पवन कुमार सिंह चौहान ने भी सहभागिता निभाते हुए नियोजकों को सम्मानित किया। उन्होंने जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोंड एवं सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी रोहित वर्मा को रोजगार मेले के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा आयोजन की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। मेले में बेरोजगार नवयुवकों का रजिस्ट्रेशन 4:00 बजे तक किया गया। इस आयोजन ने युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एमएलसी पवन सिंह चौहान ने बताया कि रोजगार मेले के आयोजन से नवयुवकों को लाभ मिलेगा यूपी सरकार बेरोजगारों के कल्याण के सतत कार्य कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma