भीषण तूफान से रोजा-लखनऊ रेलखंड में प्रभावित रेलमार्ग त्वरित कार्रवाई से हुआ बहाल

 


मुरादाबाद, 26 मई (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार शाम को बताया कि भीषण तूफान से मुरादाबाद मंडल के रोजा-लखनऊ रेलखंड में कई स्थानों पर रेलमार्ग प्रभावित हुआ था, जिसे मंडल प्रबंधन ने समयबद्ध त्वरित कार्रवाई से रेल संचालन के लिए बहाल किया।

सीनियर डीसीएम ने आगे बताया कि 25/26 मई 2026 की रात्रि आए भीषण तूफान, तेज हवाओं तथा विभिन्न स्थानों पर पेड़ों और मलबे के गिरने के कारण मुरादाबाद मंडल के कई रेलखंडों में ओएचई प्रणाली प्रभावित हुई, जिससे रेल संचालन बाधित हुआ।

खराब मौसम के कारण रोजा–लखनऊ रेलखंड सहित विभिन्न सेक्शनों में ओएचई उपकरणों को क्षति पहुंची तथा ट्रिपिंग की घटनाएं हुईं।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के त्वरित एवं कुशल मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण वितरण) सचिन कुमार के निर्देशन में टीआरडी कर्मचारियों द्वारा प्रभावित रेलखंडों में त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य किया गया तथा रेल संचालन की शीघ्र बहाली सुनिश्चित की गई।

तूफान से प्रभावित प्रमुख रेलखंडों में बिलपुर–मीरनपुर कटरा यार्ड, रोजा यार्ड, पीआरपीएम यार्ड, रोजा–बांथरा रेलखंड तथा कौड़ा–बेहटागोकुल यार्ड शामिल रहे। इन स्थानों पर पेड़ों के गिरने, टिन शीट एवं मलबा उड़कर ओएचई संरचना से टकराने तथा ओएचई उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने से रेल यातायात प्रभावित हुआ। मंडल में विभिन्न स्थानों पर मरम्मत कार्य लगभग 45 मिनट से लेकर 3 घंटे 11 मिनट तक चला।

इस दौरान कई ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहा। भीषण तूफान से ओएचई क्षतिग्रस्त होने के कारण मुरादाबाद मंडल में गाड़ी संख्या 14207, गाड़ी संख्या 12229, गाड़ी संख्या 14241, गाड़ी संख्या 12231, गाड़ी संख्या 12429, गाड़ी संख्या 15043, गाड़ी संख्या 15011, गाड़ी संख्या 12557, गाड़ी संख्या 22419, गाड़ी संख्या 12371 प्रभावित रहीं।

अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों की तत्परता, तकनीकी दक्षता और समन्वित प्रयासों से क्षतिग्रस्त ओएचई संरचनाओं की शीघ्र मरम्मत कर सुरक्षित एवं सुचारु रेल संचालन पुनः बहाल किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल