मुरादाबाद में ईद पर सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक रूट डायवर्जन, भारी वाहनों पर शहर में रोक
मुरादाबाद, 20 मार्च (हि.स.)। ईदुलफितर पर शनिवार को मुरादाबाद में भारी वाहन और रोडवेज व निजी बसें छह घंटे तक शहर में नहीं घुसेंगी। सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक रूट डायवर्जन रहेगा। इसका सख्ती से पालन कराने के लिए जिले के सभी एंट्री प्वाइंट पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि रामपुर रोड पर हनुमान मूर्ति तिराहे से किसी भी प्रकार का वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेगा। यह व्यवस्था सुबह छह बजे से दोपहर बारह बजे तक रहेगी।
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि इंपीरियल तिराहे से संभल चौराहे की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा। कोहिनूर तिराहे से दस सराय चौकी की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा, इंद्रा चौक से गलशहीद चौराहा की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा, संभली गेट, मंडी चौक और भूड़ा का चौराहा की ओर से भी ईदगाह की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा, कांठ रोड, दिल्ली रोड से रेलवे स्टेशन और इंपीरियल तिराहे की ओर छोटे चार पहिया और तीन पहिया वाहन केवल फव्वारा तिराहे तक ही जा सकेंगे, कांठ और दिल्ली रोड से रेलवे स्टेशन व इंपीरियल तक केवल मोटरसाइकिल जाने की अनुमति रहेगी, कांठ की तरफ से मुरादाबाद आने वाली रोडवेज बस सुबह छह बजे के बाद नई तहसील किला तिराहा तक ही आ सकेंगी और वहीं से वापस जाएंगी। संभल, दिल्ली और बिलारी रोड से आने वाली रोडवेज और निजी बसें टीपी नगर आजादनगर मोड़ तक आएंगी और वहीं से वापस जाएंगी।
रामपुर, बरेली की तरफ से आने वाली रोडवेज और निजी बसें काशीपुर तिराहे तक आएंगी और वहीं से सवारियां लेकर वापस जाएंगी। काशीपुर, टांडा और बाजपुर की तरफ से आने वाली रोडवेज और निजी बसें काशीपुर तिराहे तक ही आ सकेंगी। वहीं से सवारी लेकर वापस जांएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल