रिपेयरिंग के दौरान मकान की छत गिरी, एक मजदूर की मौत
नोएडा, 04 अक्टूबर (हि.स.)। थाना दादरी क्षेत्र में आज एक मकान की छत की रिपेयरिंग हो रही थी, तभी छत भर भराकर नीचे गिर गई। छत गिरने से 02 मजदूर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर एक की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ,एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस ने मलवा हटाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला।
अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना दादरी क्षेत्र के कस्बा दादरी के ब्रह्मपुरी मोहल्ले में एक मकान की छत का रिपेयर का कार्य रविवार को हो रहा था। इसी बीच अचानक छत गिर गई। जिसके कारण कुछ मजदूर मलवे में दब गए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानी पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ ने रेस्क्यू करके मलवे में फंसे दो मजदूरों इरफान उर्फ टीटू तथा हैदर अली को बाहर निकाला तथा उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान इरफान की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि अगर इस मामले में मृतक के परिजन कोई शिकायत करेंगे तो घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी