तकनीकी प्रतिभा और नवाचार को बढ़ावा देता है रोबो रम्बल: डॉ. आलोक कुमार

 


कानपुर, 17 मार्च (हि.स.)। रोबो रम्बल जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी क्षमता को परखने, नवाचार को आगे बढ़ाने और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में सीखने का अवसर देते हैं। ऐसे प्लेटफॉर्म से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार होते हैं,” यह बातें मंगलवार को यूआईईटी के निदेशक डॉ. आलोक कुमार ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित तीन दिवसीय तकनीकी महोत्सव “रोबो रम्बल 3.0” के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

दूसरे दिन आयोजित रोबो सॉकर प्रतियोगिता में 16 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया, जहां प्रतिभागियों ने अपने रोबोट्स के माध्यम से तकनीक, रणनीति और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबले रोमांचक रहे और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

रोबो वॉर प्रतियोगिता में 17 से अधिक टीमों ने भाग लिया। एरिना में रोबोट्स के बीच जोरदार टक्कर, स्पार्क्स और दमदार भिड़ंत ने माहौल को उत्साह से भर दिया। कई मुकाबले बेहद करीबी रहे, जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

इसके अलावा ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में 40 से अधिक टीमों ने भाग लेते हुए अपनी गेमिंग स्किल्स और टीम कोऑर्डिनेशन का प्रदर्शन किया। दिन भर चले मुकाबलों में कई रोमांचक क्षण देखने को मिले।

इसी क्रम में स्पोर्ट्स बाइक हैंडलिंग एवं सेफ्टी अवेयरनेस रैली का भी आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं में सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस दौरान निदेशक डॉ. आलोक कुमार, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. अजय तिवारी और ई. शाह आलम मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगिताओं का जायजा लेते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और दर्शक मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, अंतिम दिन फाइनल मुकाबले और समापन समारोह आयोजित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप