1.10 करोड़ से बदलेगी रोडवेज बस स्टैंड की तस्वीर

 


बनेंगी सीसी सड़क और नालियां

हमीरपुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में राठ नगर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर का जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा। नगरपालिका परिषद करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से बस स्टैंड परिसर का विकास कार्य कराएगी। इस परियोजना के तहत पूरे परिसर में मिट्टी भराई, सीसी सड़क का निर्माण तथा जलनिकासी के लिए नालियों का निर्माण कराया जाएगा।

वर्तमान में बस स्टैंड परिसर उबड़-खाबड़ होने और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से यात्रियों, बस चालकों और परिचालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विकास कार्य पूरा होने के बाद परिसर की स्थिति बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। नगरपालिका कार्यालय के वरिष्ठ प्रभारी विजय कुमार ने सोमवार को बताया कि इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया मंगलवार से शुरू की जाएगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि विकास कार्य पूर्ण होने से बस स्टैंड परिसर की तस्वीर बदल जाएगी और लंबे समय से चली आ रही जलभराव व खराब सड़क की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा