मुरादाबाद से प्रयागराज तक रोडवेज बसें चलाने की तैयारी
मुरादाबाद, 01 मई (हि.स.)। परिवहन विभाग ने मुरादाबाद से प्रयागराज तक बस सेवा देने की तैयारी पर विचार-विमर्श शुरू कर दिया है। बसें जिले के बस अड्डे से निकलकर संभल होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे प्रयागराज जाएंगी। परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि बस से प्रयागराज पहुंचने में आठ से नौ घंटे लगेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों को चलाया जाएगा।
मुरादाबाद से प्रयागराज के लिए अभी सीधे बस सेवा उपलब्ध नहीं है। अन्य डिपो की बसें मुरादाबाद होते हुए प्रयागराज जाती हैं। इन बसों को प्रयागराज पहुंचने में करीब 12 घंटे का समय लगता है। कुल दूरी 572 किमी है और किराया 824 रुपये है।
बस अड्डा इंचार्ज चंद्रभान सिंह का कहना है कि प्रयागराज के लिए जब बसें मुरादाबाद से चलने लगेंगी तब गंगा एक्सप्रेसवे से होकर जाने की वजह से तीन घंटे समय की बचत होगी। इसके साथ ही किराया भी 800 रुपये से लेकर 900 रुपये के बीच रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जिल से प्रयागराज, मुरादाबाद से हरिद्वार और हरिद्वार से प्रयागराज तक बसों के चलाने के लिए विचार-विमर्श चल रहा है। इन रूटों पर ही निरीक्षण किया जाएगा। इन रूटों पर पहले दो-दो बसें चलाई जाएंगी। यात्री मिलने पर बसों की संख्या भी बढ़ा दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल