औरैया डीएम और एसपी ने सड़क सुरक्षा पखवाड़े का किया शुभारंभ, दिलाई शपथ
औरैया, 16 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसके प्रति जागरूक और जिम्मेदार होना चाहिए। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सुरक्षित वाहन संचालन पर जोर देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए। तेज रफ्तार, लापरवाही और नियमों की अनदेखी कई बार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनती है।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने सभी से सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। इस अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार