सड़क सुरक्षा के प्रयासों का दिखा असर, सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी
जुलाई 2026 तक दुर्घटनाओं में 28.7 प्रतिशत, मृतकों में 20.1 प्रतिशत की कमी
हमीरपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में जनवरी से जुलाई तक सड़क दुर्घटनाओं, दुर्घटनाओं में मृतकों तथा घायलों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
एडीएम फाइनेंस राकेश कुमार ने बुधवार को बताया कि उपलब्ध तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार जनवरी से जुलाई 2025 के दौरान जनपद में कुल 251 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जबकि वर्ष 2026 की समान अवधि में यह संख्या घटकर 179 रह गई। इस प्रकार सड़क दुर्घटनाओं में 72 मामलों की कमी अर्थात लगभग 28.7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसी प्रकार वर्ष 2025 में जनवरी से जुलाई तक सड़क दुर्घटनाओं में 139 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी, जबकि वर्ष 2026 की समान अवधि में यह संख्या घटकर 111 रह गई। इस प्रकार दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में 28 की कमी अर्थात लगभग 20.1 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की संख्या भी वर्ष 2025 के 194 से घटकर वर्ष 2026 में 153 रह गई, जो लगभग 21.1 प्रतिशत की कमी को दर्शाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग तथा वाहन चलाते समय सावधानी बरतना दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिला प्रशासन द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में और अधिक कमी लाने के लिए प्रभावी एवं निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा