देवरिया : सड़क सुरक्षा अभियान तेज, 356 वाहनों का चालान, तीन वाहन सीज
देवरिया, 06 अगस्त (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देवरिया पुलिस ने गुरुवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने इंटरसेप्टर वाहन की सहायता से ओवरस्पीड वाहनों की जांच की और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सलेमपुर मार्ग पर इंटरसेप्टर वाहन में लगे स्पीड लेजर गन से निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से चल रहे वाहनों की जांच की गई। ओवरस्पीड पाए गए वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही चालकों को तेज रफ्तार के खतरों से अवगत कराते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।
पूर्वा तिराहा पर बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने और मानक के विपरीत नंबर प्लेट लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं मालवीय रोड पर बिना हेलमेट दोपहिया चला रहे युवाओं का चालान कर उन्हें भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
इसके अलावा रोडवेज बस स्टेशन, पूर्वा तिराहा, साकेत नगर मार्ग, न्यू कॉलोनी और भटवलिया चौराहा सहित कई प्रमुख स्थानों पर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध भी अभियान चलाया गया। पूरे अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत 356 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन पाए जाने पर तीन वाहनों को सीज कर दिया गया।
देवरिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही वाहन पर मानक अनुरूप नंबर प्लेट लगाएं और सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा न करें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और सभी के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक