श्रावण मेले के लिए बाराबंकी में ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों पर कई मार्गों से रोक
बाराबंकी, 01 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास मेला-2026 और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बाराबंकी पुलिस ने व्यापक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। इसके तहत भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जबकि रोडवेज बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है।
डायवर्जन योजना के अनुसार गोण्डा और बहराइच से लखनऊ आने वाले भारी वाहनों को टिकोरा मोड़ से चाहलारी घाट होते हुए सीतापुर के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं हल्के वाहन चौकाघाट, मरकामऊ, बदोसराय और सफदरगंज होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। लखनऊ से गोण्डा और बहराइच जाने वाले भारी वाहनों को भी सीतापुर-चाहलारी घाट मार्ग से गुजरना होगा।
बाराबंकी शहर में हिंद हॉस्पिटल, असैनी मोड़, हैदरगढ़ ओवरब्रिज, पल्हरी ओवरब्रिज और चौपुला से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। देवा मार्ग और एफसीआई गोदाम जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। फतेहपुर कस्बे में फूलपुर चौराहे और मोहम्मदपुर खाला की ओर से रामनगर जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश भी बंद रहेगा।
रोडवेज बसों का संचालन भी बदले हुए मार्गों से होगा। रामनगर जाने वाली लोकल बसें चौपुला, सफदरगंज, बदोसराय और टिकैतनगर होकर जाएंगी, जबकि अयोध्या डिपो की बसें चौपुला के रास्ते संचालित होंगी। गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और रूपईडीहा डिपो की बसों को सीतापुर-चाहलारी घाट मार्ग से चलाया जाएगा।
प्रशासन ने व्यापारिक वाहनों को रात 11 बजे से सुबह 4 बजे के बीच ही शहर में माल उतारने की अनुमति दी है। साथ ही सभी वाहन चालकों से कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। यातायात पुलिस अधीक्षक ने शनिवार काे बताया कि डायवर्जन के दाैरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी