कानपुर : बेकाबू ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, सात मजदूर घायल

 


कानपुर, 22 दिसंबर (हि.स.)। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा बैराज पर सोमवार को मजदूराें से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में सात लोग घायल हो गए, जिनमें दो लोगों की हालत नाजुक है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था आशुतोष कुमार ने बताया यह घटना अटल घाट की है, जहां उन्नाव के रहने वाले 10 मजदूर कानपुर में मेट्रो निर्माण कार्य में मजदूरी करने जा रहे थे। तभी घाट के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई।

रहागीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उन्नाव निवासी ट्रैक्टर चालक अमन यादव ने बताया कि ट्रैक्टर के सामने अचानक साइकिल सवार आ गया था। उसे बचाने के चक्कर में ब्रेक मारी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ है। घटना में जाे लाेग घायल हुए वे सभी उन्नाव के शंकरपुर सराय गांव के रहने वाले हैं। ट्राली पलटने से सनी, सौरभ, रोहित, गोविंद, अनुज, सचिन और अरविंद घायल हुए हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप