अज्ञात कार की टक्कर से अधेड़ की मौत

 


अमेठी, 03 मार्च (हि.स.)। लखनऊ-सुलतानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात कार ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष इन्हौना विवेक कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना लखनऊ-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 731 पर स्थित चिलौली गांव के पास हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक अधेड़ की पहचान राज बहादुर (60), कैथागांव धीरापुर निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल घटना की सूचना परिजनों को दिया।

पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर परिजनों की उपस्थिति में पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही राज बहादुर के घर में कोहराम मच गया है। घर वालों का रो-रो कर हाल बेहाल है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी