बेकाबू कार की टक्कर से दो व्यापारियों की मौत

 


प्रयागराज, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित बारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मैदा मोड़ के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो व्यापारियों की मौत हो गई। हादसे में कार सवार लोग भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शवाें काे कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार निवासी बिहारी लाल अग्रहरि (70) पुत्र स्वर्गीय बच्चू लाल अग्रहरि और उनके पड़ोसी सेहत बहादुर केसरवानी (68) पुत्र स्वर्गीय मोतीलाल केसरवानी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार दोनों व्यापारी पैदल किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान मैदा चौराहे के समीप लखनऊ की ओर से आ रही एक बेकाबू कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों व्यापारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार लोग भी घायल हो गए।

सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की बारा थाने की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।

इस संबंध में विवेक चन्द्र यादव, पुलिस उपायुक्त यमुनानगर ने बताया कि बेकाबू कार की टक्कर से यह हादसा हुआ है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल