सड़क हादसे में दंपति की मौत, मुख्यमंत्री ने व्यक्त की संवेदना

 


बलरामपुर,28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में सोमवार दोपहर बाद सड़क दुर्घटना में दंपति की मौत हो गई है। घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना संज्ञान लिया है।

उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर अक्सी बढ़हरा गांव के निकट नवाब भट्ठे के सामने बाइक और चार पहिया वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार ग्राम पचाैथा निवासी पांचू राम (61) वर्ष, उनकी पत्नी बड़का (58) गंभीर रुप से घायल हाे गई है। दाेनाें काे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। वहीं, हादसे में बासूपुर चायडीह निवासी प्यारे लाल , उनकी पुत्री कल्पना, बजाज मिल निवासी कामिल गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

सड़क हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन मौके पर पहुंच गए। पति-पत्नी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, ग्राम पचौथा में भी शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। हादसे की सूचना मिलने के बाद संबंधित पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन