सड़क हादसे में एक युवक की मौत, दो घायल

 




अमेठी, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत थाना संग्रामपुर क्षेत्र के धानापुर–विशेषरगंज मार्ग पर पूरे तालुकदार के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।

प्रतापगढ़ जिले के थाना सांगीपुर क्षेत्र के भैंसना गांव निवासी राजू कोरी पुत्र बबलू कोरी अपने साथियों कुमुद शर्मा पुत्र बबलू शर्मा तथा प्रमोद के साथ एक ही मोटर साइकिल से सैठा–लोहिया नगर मार्ग होते हुए कालिकन धाम जा रहे थे। पूरे तालुकदार के पास अचानक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में राजू कोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुमुद शर्मा और प्रमोद घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजू (24) को मृत घोषित कर दिया। कुमुद शर्मा की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही संग्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, सभी लोग गूजीपुर स्थित रिश्तेदार के यहां एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने कालिकन धाम जा रहे थे। बताया गया कि मृतक राजू कोरी अपने परिवार में दूसरे नंबर का था। उससे बड़ी एक बहन और छोटा एक भाई है।

संग्रामपुर थाने के प्रभारी संजय सिंह ने सोमवार को बताया कि मृतक परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे थे, लेकिन समझाने पर वे तैयार हो गए। शव का पंचायतनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी