पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में चालक की मौत, क्लीनर घायल

 




अमेठी, 15 अप्रैल (हि.स.)। अमेठी जिले के बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें डीसीएम के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ से गाजीपुर तक जाने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर किलोमीटर संख्या 60 .6 पर अमेठी जनपद के बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सड़क हादसा हो गया। जिसमें लखनऊ से गाजीपुर केला लादकर ले जा रही डीसीएम काे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम सवार ड्राइवर मोहम्मद अली पुत्र मेहंदी हसन ग्राम जहांगीरगंज थाना हसनपुर जनपद अमरोहा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि डीसीएम का क्लीनर आजम पुत्र मुन्ना निवासी जहांगीरगंज थाना हसनपुर जनपद अमरोहा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तत्काल बाद मौके पर पहुंची यूपीड़ा की एंबुलेंस ने गंभीर रूप से घायल क्लीनर को इलाज के लिए लेकर पहुंची सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहां पर डॉक्टरों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

इस संबंध में बाजार शुक्ल थाने के प्रभारी विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवा दिया गया है और आवागमन बहाल है। मृतक ड्राइवर की लाश को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है वह भी अमरोहा से निकल पड़े हैं। परिजनों के पहुंचने के उपरांत आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी