तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार को रौंदा, मौत

 




अमेठी, 20 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जनपद अंतर्गत जायस कोतवाली क्षेत्र के टिकरा गांव के पास गुरुवार की शाम को तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में श्रीकृष्ण मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डंपर की चपेट में आने से बोलेरो के पीछे खड़े बाइक सवार राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार टिकरा गांव निवासी श्रीकृष्ण मौर्य साइकिल से घर से बाजार की ओर जा रहे थे। वह जैसे ही सड़क पर पहुंचे, रायबरेली की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा डंपर अनियंत्रित हो गया और श्रीकृष्ण मौर्य को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित डंपर सड़क किनारे खड़ी बोलेरो से जा भिड़ा। बोलेरो के पीछे बाइक लेकर खड़े राजेश भी हादसे की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। घायल राजेश को एंबुलेंस से सीएचसी फुरसतगंज ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची जायस कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। मृतक श्रीकृष्ण मौर्य मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा है। कृष्ण की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी और बच्चों के सामने अब परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जायस कोतवाली के प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस पहुंच गई। मृतक की लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और डंपर चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी