सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, एक घायल

 


अमेठी, 29 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जिले के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरे शुक्लन गांव के निकट पावर हाउस के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुट गई।

शनिवार की शाम को महोना पूरब निवासी मुइनुद्दीन (40) पुत्र कमरुद्दीन बाजार से मिठाई लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि पूरे शुक्लन गांव के पास अचानक मोड़ पर उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इसके बाद मुइनुद्दीन तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में भी आ गए।हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजार शुकुल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान मुइनुद्दीन की मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार समीर पुत्र शकील, निवासी महोना पश्चिम, भी हादसे में घायल हो गए। उनका सीएचसी बाजार शुकुल में उपचार चल रहा है।

शुकुल बाजार थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी