दो मोटरसाइकिलों की टक्कर से अधेड़ की मौत
प्रयागराज, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मऊआइमा थाना क्षेत्र के सितलापुर गांव के समीप सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में एक अधेड़ की जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हादसे में मऊआइमा थाना क्षेत्र के उमरिया उर्फ गैदा गांव निवासी मणीशंकर (४८) पुत्र प्यारेलाल मौर्य की मौत हुई है। हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए परिवार के लोगों ने बताया कि वह इलेक्ट्रेशियन का काम करके दो बेटों सहित पूरे परिवार का भरण-पोषण का काम करता था। वह सोमवार को किसी काम से मोटरसाइकिल से जा रहा था। रास्ते में सितलापुर गांव के समीप उसकी मोटरसाइकिल अचानक दूसरे मोटरसाइकिल से टकरा गई। हादसे में वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम उसे उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय ले गई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल