बागपत में सड़क हादसा, महिला की मौत
बागपत, 24 अगस्त (हि.स.)। बागपत जिले में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह गांगनौली गांव के पास एक सड़क हादसा हो गया। हादसे में कार सवार 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोघट थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया दिल्ली के मॉडल टाउन फेज निवासी 24 वर्षीय आदित्य चोपड़ा और 21 वर्षीय शहरा अरोरा पुत्री रिंकू अरोरा कार से जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही दोघट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सब-इंस्पेक्टर प्रशांत राजपूत ने पुलिस बल के साथ राहत कार्य शुरू कराया और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल बागपत पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने शहरा अरोरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि आदित्य चोपड़ा की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया है कि हादसे में एक महिला की मौत हुई है जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है और मामले की जांच चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी