सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौत

 


प्रयागराज, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाना क्षेत्र के मेण्डारा गांव के समीप सोमवार को किसी वाहन की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हादसे में नवाबगंज थाना क्षेत्र के शुकलान का पूरा निवासी विधान त्रिपाठी (21) पुत्र मुकेश त्रिपाठी की मौत हुई है। हादसे के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक विधान मोटरसाइकिल से कहीं जाने के लिए घर से निकला। रास्ते में मेंडारा गांव के समीप वह किसी वाहन की चपेट में आने से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी कौड़िहार ले गई। जहां से चिकित्सकों ने उसे तत्काल स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के लिए भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल