बस की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत,बेटा घायल
रायबरेली,23अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में ऊंचाहार थाना क्षेत्र में बीती देर रात बुधवार को बेटे के साथ घर लौट रहे दंपति को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल बेटे को उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
ऊंचाहार थाना कोतवाल अजय कुमार राय ने गुरुवार को बताया कि रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के सबीसपुर निवासी दशरथ के बेटे प्रिंस की तबीयत खराब थी। बीती रात बुधवार को पिता दशरथ अपनी पत्नी माधुरी देवी के साथ बाइक से बेटे को लेकर कल्याणी गांव स्थित ससुराल से घर लौट रहे थे। तभी अरखा गांव में रायबरेली-प्रयागराज राष्ट्रीय मार्ग पर रायबरेली की ओर से आ रही निजी बस ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक समेत दंपति बस में फंसकर करीब 500 मीटर दूर तक घिसटते चले गए, जिसके कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के दौरान बेटा बाइक से छिटककर सड़क पर गिर कर घायल हो गया। तेज आवाज़ सुनकर जब तक ग्रामीण पहुंचते। बस चालक बस मौके से भाग निकला।
ग्रामीणों ने घायल बच्चे को सीएचसी पहुंचाया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर बच्चे का लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, बस चालक की तलाश की जा रही है। प्रार्थना पत्र मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।---------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे