अमेठी : गंगा स्नान कर लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत, एक घायल
अमेठी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत जायस कोतवाली क्षेत्र के कस्बा स्थित जगदीशपुर मोड़ के पास सोमवार की सुबह बाइक सवार दो लोगों को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिसके चलते बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत टेढ़ी का पुरवा निवासी धर्मपाल यादव और जितेंद्र बाइक से गंगा स्नान करने गए हुए थे। जहां से वापस लौटते समय जैसे ही वह जायस कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के ही जगदीशपुर मोड़ के पास पहुंचे थे तभी अज्ञात वाहन ने धर्मपाल की बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया जिसके चलते दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जायस पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टर ने धर्मपाल यादव 45 को मृत घोषित कर दिया जबकि जितेंद्र 30 पुत्र बलराम का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जायस कोतवाली के प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने सोमवार को बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई। दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। जहां पर एक घायल को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है वह मौके पर पहुंच गए हैं। घटना के संबंध में अज्ञात वाहन के विरुद्ध जायस कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। मृतक की लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी