खड़ी पिकअप में पीछे से घुसी बाइक, युवक की मौत
फर्रुखाबाद,3 नवंबर (हि.स.)। थाना राजेपुर क्षेत्र में हरिहरपुर आईटीआई कॉलेज के पास खड़ी पिकअप में बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अमृतपुर थाना क्षेत्र के भावनपुर निवासी रविंद्र कुतलूपुर में अपनी दुकान बंद करके मंगलवार रात बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हरिहरपुर स्थित आईटीआई कॉलेज के पास पहुंचे, उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से सीएचसी राजेपुर भिजवाया। वहां चिकित्सक डॉ. प्रमित राजपूत ने परीक्षण के बाद रविंद्र को मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि सड़क किनारे खड़ी पिकअप में बाइक सवार पीछे से जा घुसी, जिससे उसकी मौत हो गई। पिकअप को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर