रफ्तार के कहर ने फिर छीन ली एक जिंदगी, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
शादी समारोह से लौट रही अर्टिगा कार पलटी, चालक की मौत, चार गंभीर घायल
फर्रुखाबाद, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कंपिल थाना क्षेत्र में बुधवार को शादी समारोह से शामिल होने के बाद लौट रही अर्टिगा कार मानिकपुरा गांव के पास पुलिया के निकट अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार चला रहे आलोक उर्फ अशोक दिवाकर की मौत हो गई, जबकि कार सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के मुताबिक, कंपिल खास निवासी अमरनाथ की पुत्री कविता की शादी में शामिल होने के लिए रिश्तेदार और परिचित पहुंचे थे। इसी समारोह में दिल्ली के मुकुंदपुर स्थित फौजी कॉलोनी निवासी जयसरन के पुत्र प्रवीण की बारात भी आई थी। हादसे में जान गंवाने वाले आलोक उर्फ अशोक दिवाकर दूल्हे के मौसा थे। वह एक दोस्त से अर्टिगा कार मांगकर शादी समारोह में शामिल होने आए थे।
बताया गया कि आलोक कार लेकर जा रहे थे। इसी दौरान मानिकपुरा गांव के पास पुलिया के नजदीक अचानक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
हादसे में आलोक उर्फ अशोक के अलावा संजीव, रामकिशन, वीरेंद्र और भारत गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने आलोक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चारों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर