बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक आरएलडी को मजबूत करना हमारा लक्ष्य : ऐश्वर्य राज सिंह
- वाराणसी मंडल की बैठक में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और ‘टीम आरएलडी’ के गठन पर बनी रणनीति
लखनऊ/सारनाथ 08 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की वाराणसी मंडल स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक श्रीनगर कॉलोनी, पहड़िया-अकथा सारनाथ में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, बूथ प्रबंधन, जिला स्तर पर ‘टीम आरएलडी’ के गठन तथा किसान, मजदूर, युवा, छात्र और महिला वर्ग से जुड़े मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। मंडल के विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि “राष्ट्रीय लोक दल की ताकत उसके कार्यकर्ता और जनता के साथ उसका सीधा जुड़ाव है। अब समय आ गया है कि संगठन को केवल जिला और मंडल स्तर तक सीमित न रखते हुए प्रत्येक बूथ तक मजबूत किया जाए।”
उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य ऐसा संगठन खड़ा करना है जो चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर समय जनता के बीच दिखाई दे। किसान की समस्या हो, नौजवान के रोजगार का सवाल हो, मजदूर के अधिकार की बात हो या महिलाओं और छात्रों से जुड़ा कोई विषय-आरएलडी का कार्यकर्ता सबसे पहले जनता के बीच खड़ा दिखाई देना चाहिए।”
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘टीम आरएलडी’ पार्टी के संगठनात्मक विस्तार का महत्वपूर्ण आधार बनेगी। जिला स्तर पर गठित होने वाली टीमों के माध्यम से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र और बूथ तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में जिम्मेदारी उन्हीं कार्यकर्ताओं को दी जाएगी जो सक्रिय रूप से जनता के बीच काम करने और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि “चौधरी चरण सिंह की विचारधारा केवल एक राजनीतिक विरासत नहीं, बल्कि किसान, मजदूर और गांव के सम्मान की विचारधारा है। राष्ट्रीय लोक दल उसी विचारधारा को आज की परिस्थितियों के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन की मजबूती को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली शक्ति उसके पदों में नहीं, बल्कि उसके समर्पित कार्यकर्ताओं की संख्या और उनकी सक्रियता में होती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने विशेष रूप से पूर्वांचल में संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि वाराणसी मंडल का राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। मंडल के प्रत्येक जिले में संगठन को मजबूत करने के लिए शीघ्र ही जमीनी स्तर की कार्ययोजना तैयार की जाएगी और उसके परिणामों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि “आरएलडी जनता की आवाज बनने के साथ-साथ जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता को और मजबूत करेगी। हमारा संकल्प है कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जनता की समस्याओं के लिए उपलब्ध रहे।
बैठक में किसान, मजदूर, युवा, छात्र एवं महिला वर्ग से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि इन वर्गों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा संबंधित स्तर पर उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया जाएगा।
बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, ‘टीम आरएलडी’ को सक्रिय बनाने तथा चौधरी चरण सिंह जी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में वरिष्ठ पार्टी नेता चंद्रबली यादव, रामकृष्ण पटेल, श्याम किशोर सिंह, बी. एल. प्रेमी, राहुल पटेल, डा. सत्येंद्र सिंह, राम आश्रय विश्वकर्मा तथा धर्मराज यादव आदि ने भी अपने विचार रखे और पार्टी संगठन को मजबूत करने का संकल्प सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं को दिलाया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता रामशंकर यादव (गाजीपुर) ने की तथा संचालन वरिष्ठ नेता हवलदार यादव ने किया।
बैठक में वाराणसी मंडल के गाज़ीपुर, जौनपुर, चंदौली तथा वाराणसी सहित आस पास के जनपदों के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा