युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत से विदेशों में भी बढ़ा रहे देश का सम्मान : ऐश्वर्य राज सिंह

 


लखनऊ, 18 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि भारत का युवा जिम्मेदार और प्रतिभाशाली है। वह अपनी मेहनत और हुनर के दम पर देश ही नहीं, विदेशों में भी भारत का सम्मान बढ़ा रहा है। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व में युवा निरंतर हुनरमंद बन रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, जबकि देश का युवा विकास की मुख्यधारा से जुड़कर आगे बढ़ रहा है।

बुधवार को राजधानी लखनऊ स्थित रालोद के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा किसानों, मजदूरों और ग्रामीण समाज के हितों के लिए संघर्ष करता रहा है। पार्टी किसानों की आर्थिक उन्नति, उनके अधिकारों की रक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। चौधरी चरण सिंह की विचारधारा और जयंत चौधरी के नेतृत्व में पार्टी किसानों, युवाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रही है।

व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कहा कि कुछ युवाओं के भाषणों में मर्यादा के उल्लंघन के आधार पर पूरे देश के युवाओं का आकलन नहीं किया जा सकता। प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिल रही है।

राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक शिवकरण सिंह ने कहा कि ऐश्वर्य राज सिंह के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और किसानों, युवाओं तथा आम जनता की आवाज को मजबूती मिल रही है। राष्ट्रीय महासचिव एवं केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य अनिल दुबे ने कहा कि ऐश्वर्य राज सिंह की संगठनात्मक सक्रियता से पार्टी को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम का आयोजन व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने किया। इस दौरान केक काटकर प्रदेश अध्यक्ष का जन्मदिन मनाया गया और पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अंबुज पटेल, मनोज सिंह चौहान, अंकुर सक्सेना, बीएल प्रेमी, रामवती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, चंद्रकांत अवस्थी, अफसर अली, तराई क्षेत्र के अध्यक्ष पीके पाठक, महानगर अध्यक्ष मुजाहिद, सूर्यनाथ यादव, रमेश कश्यप, माया देवी, लियाकत अली, मंजू राय और शफीक सिद्दिकी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा