सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत का एकीकरण कर एकता और अखंडता को किया मजबूत : अनिल दुबे
-रालोद प्रदेश मुख्यालय में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई
लखनऊ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151 वीं जयंती राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक शिवकरण सिंह की अध्यक्षता में मनाई गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव एवं केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य अनिल दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की अनेक छोटी-बड़ी रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका दृढ़ नेतृत्व, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचारों, आदर्शों और देशहित में किए गए कार्यों को हमें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए तथा राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधायक शिवकरण सिंह ने कहा कि सरदार पटेल एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं राष्ट्र के सच्चे शुभचिंतक थे। उन्होंने आजीवन देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए संघर्ष किया। राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अम्बुज पटेल ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। देशहित में उनके द्वारा किए गए कार्यों और आदर्शों का हमें अनुकरण करना चाहिए।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि लखनऊ मुख्यालय सहित राष्ट्रीय लोकदल द्वारा सभी जनपदों में पटेल जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। सभी पदाधिकारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
जयंती कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता रजनीकांत मिश्रा, प्रदेश कोषाध्यक्ष बी एल प्रेमी, रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर, प्रमोद शुक्ला, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय, अजय सिंह, रमेश कश्यप, विनोद खन्ना, माया देवी, मंजू शुक्ला, धीरेंद्र सिंह मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा