(संशोधित)जयंत चौधरी पर टिप्पणी कर अखिलेश यादव ने जाट समाज का किया अपमान : रोहित अग्रवाल

 


लखनऊ, 22 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जयंत चौधरी पर की गई टिप्पणी को लेकर राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रदेश अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ एवं प्रवक्ता रोहित अग्रवाल ने शनिवार को तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जंयत चौधरी पर ओझी टिप्पणी कर अखिलेश यादव ने चौधरी परिवार और जाट समाज का अपमान किया है।

जाट समाज वीरता, स्वाभिमान, मेहनत, त्याग, किसान का संरक्षक है। ऐसे समाज पर टिप्पणी कर अपमानित कर रहे हैं। चौधरी चरण सिंह ने मुलायम सिंह यादव को नेताजी बनाने का काम किया। आज आप ऐसे समाज को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और दोषपूर्ण मनसिकता को दर्शाता है।

रोहित अग्रवाल ने आगे कहा कि अखिलेश यादव का जिससे गठबंधन हुआ, उसे आपने अपमानित करने का काम किया। 2017 में कांग्रेस से गठबंधन हुआ। तब कांग्रेस ने कहा कि आप उनका फोन नहीं उठा रहे हैं। 2019 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से गठबंधन किया। लेकिन बसपा आपको छोड़कर चली जाती है। 2022 राष्ट्रीय लोकदल आपके साथ रहा। तब आपने अपमानित करने की कोशिश की।

रोहित अग्रवाल ने कहा कि अखिलेश यादव अपना चरित्र आप नहीं देख रहे है और निरंतर अपने सहयोगियों पर, जो पूर्व में आपके साथ रहे उन पर लगातार ओझी टिप्पणी कर रहे हैं। आज जो भी आपका सहयोगी बनने आ रहा है वह आपके पूर्व चरित्र को देख रहा है कि क्या बर्ताव रहा है आपका सहयोगी दलों और उनके नेताओं के प्रति। क्या आपकी सोच है। ऐसा करने पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी। आगामी 2027 केे विधानसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी।

वहीं, रालोद उप्र के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने एक्स पर ट्वीट कर बसपा प्रमुख मायावती का जयंत चौधरी पर अखिलेश यादव की टिप्पणी को गलत करार दिए जाने का समर्थन किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आपने (मायावती) बिल्कुल सही कहा है, हमें ख़ुद नहीं समझ आता कि जाट और ब्राह्मण समाज से अखिलेश यादव को इतनी नफ़रत क्यों है? इतना अहंकार लाते कहाँ से हैं ये लोग?

हालिया रिपोर्टों के अनुसार, अखिलेश यादव ने गठबंधन के पुराने साथियों पर तंज कसते हुए कहा था कि “हमने चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी छोड़कर चले गए।” इस टिप्पणी को रालोद ने जयंत चौधरी की ओर इशारा माना है और पार्टी के नेतागण लगातार पलटवार कर रहे है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक