रालोद में क्षेत्रीय अध्यक्षों की लिखित परीक्षा, जमीनी स्तर पर संगठन विस्तार के लिए कसे पेंच
संगठन में महिला सहभागिता पर किया गया विशेष मंथन
लखनऊ, 03 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद)के राजधानी लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय पर सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय एवं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा की उपस्थिति में प्रदेश के समस्त क्षेत्रीय अध्यक्षों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की रणनीति तय करना रहा।
बैठक के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्षों से उनके-अपने क्षेत्रों के संगठनात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों की लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई, जिसके माध्यम से उनके क्षेत्र की संगठनात्मक जानकारी, स्थानीय परिस्थितियों तथा कार्यप्रणाली की समझ का आकलन किया गया।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने प्रत्येक क्षेत्रीय अध्यक्ष से व्यक्तिगत रूप से उनके अब तक के कार्यकाल की समीक्षा की। उन्होंने पूछा कि अब तक संगठन के लिए क्या-क्या कार्य किए गए हैं, संगठन को आगे बढ़ाने के लिए क्या योजनाएँ हैं तथा भविष्य में किन प्राथमिकताओं पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने यह भी जाना कि प्रत्येक क्षेत्र में महिला प्रकोष्ठ एवं अन्य प्रकोष्ठों का गठन कब तक पूर्ण होगा तथा संगठन में महिलाओं की भागीदारी को किस प्रकार बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों को निर्देशित किया कि महिलाओं को अधिक से अधिक जिम्मेदारियां देकर संगठन में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल आगामी समय में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए निरंतर समीक्षा बैठकों का आयोजन करेगा। उन्होंने सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों, शहरों एवं महानगर इकाइयों का विस्तार करते हुए संगठन को चुस्त-दुरुस्त बनाया जाए।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने कहा कि संगठन में कार्य करने वालों को ही प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पदाधिकारी के कार्यों की नियमित समीक्षा होगी तथा संगठन की मजबूती के लिए जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रीय अध्यक्षों से उनके क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न राजनीतिक एवं संगठनात्मक मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक स्थिति, चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराया। इस दौरान संगठन के विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, महिला सहभागिता बढ़ाने, विभिन्न प्रकोष्ठों के गठन तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के अंत में प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि संगठन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार की समीक्षा एवं मूल्यांकन बैठकों का क्रम निरंतर जारी रहेगा।
बैठक में संतकबीर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विवेक चौधरी, प्रयाग क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ राघवेंद्र सिंह, अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल, रुहेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामवीर सिंह, तराई क्षेत्र के अध्यक्ष पी के पाठक, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष राम आसरे विश्वकर्मा, बुंदेलखंड के अध्यक्ष मुन्ना लाल दिनकर, वरिष्ठ नेता नेता अंकुर सक्सेना छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा