रालोद सहकारिता प्रकोष्ठ अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष बने एडवोकेट उदयभानु सिंह
2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन विस्तार पर जोर : अमरजीत सिंह बिड्डी
लखनऊ, 14 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी के शुक्रवार को लखनऊ आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्ति की गई।
रालोद सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी ने पार्टी के जिम्मेदार साथियों की सलाह, केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के निर्देश तथा उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राय सिंह की संस्तुति पर संगठन का विस्तार किया।
इस क्रम में एडवोकेट उदयभानु सिंह को रालोद सहकारिता प्रकोष्ठ, अवध क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह बिड्डी ने नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष एडवोकेट उदयभानु सिंह को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अमरजीत सिंह बिड्डी ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव अब निकट है, इसलिए पार्टी संगठन को गांव, क्षेत्र एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार संगठनात्मक विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एडवोकेट उदयभानु सिंह को उनकी संगठनात्मक क्षमता एवं सक्रियता को देखते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें विश्वास है कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत के साथ संगठन को मजबूत करेंगे तथा चौधरी जयंत सिंह जी के हाथों को मजबूत करने का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में किसानों, ग्रामीणों और आमजन से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाते हुए राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष ने जताया शीर्ष नेतृत्व का आभार
नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष एडवोकेट उदयभानु सिंह ने राष्ट्रीय लोकदल के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि “पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मुझसे जो उम्मीद की है और मुझे जो जिम्मेदारी दी है, मैं उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगा। मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करूंगा तथा अवध क्षेत्र में राष्ट्रीय लोकदल के संगठन को और अधिक मजबूत एवं व्यापक बनाने का काम करूंगा।” पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन का विस्तार किया जाएगा और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मजबूत किया जाएगा।
लखनऊ जिलाध्यक्ष ने दिया संगठन को मजबूत करने का भरोसा
राष्ट्रीय लोकदल लखनऊ के जिलाध्यक्ष सत्य प्रकाश तिवारी ने नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष एडवोकेट उदयभानु सिंह को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि “हम सभी साथी कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे और राष्ट्रीय लोकदल के संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।”
उन्होंने कहा कि अवध क्षेत्र में संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
इस अवसर पर रालोद अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल, आलोक कुमार श्रीवास्तव, बृजेश कुमार मिश्रा, भूपेंद्र सिंह चौहान, जयविंद सिंह राठौड़, अमरेश पाल सिंह, रेखा वर्मा, प्रियंका पाल, एडवोकेट ज्ञान सागर अवस्थी, एडवोकेट कपिल तिवारी, एडवोकेट धर्मेंद्र कुमार सिंह, एडवोकेट सोम सिंह, एडवोकेट मनोज वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा