एनडीए की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में रालोद ने की भागीदारी
प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह के नेतृत्व में रालोद पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हुए शामिल
लखनऊ, 03 नवंबर (हि.स.)। लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) द्वारा सोमवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के आह्वान पर आयोजित पैदल मार्च एवं जनसभा में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने पूरी मजबूती और उत्साह के साथ सहभागिता की। रालोद के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह के नेतृत्व में पार्टी के हजारों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में शामिल होकर एनडीए के संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर रालोद उत्तर प्रदेश के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा की भी उपस्थित रहे। वहीं भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ पदयात्रा में भाग लेकर लोकतंत्र की मजबूती और अराजकता के विरुद्ध एकजुटता का संदेश दिया।
रालोद के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और समाज में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एनडीए का उद्देश्य विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम जनता के हितों की आवाज उठाता रहा है और आगे भी लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के मार्गदर्शन में पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता एनडीए की नीतियों और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर रालोद के राष्ट्रीय महासचिव एवं केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य अनिल दुबे ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और देश में सकारात्मक राजनीतिक वातावरण बनाए रखने के लिए सभी लोकतांत्रिक एवं राष्ट्रहित की विचारधारा में विश्वास रखने वाली शक्तियों का एकजुट होना आवश्यक है। एनडीए विकास, सुशासन और जनहित के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय लोकदल का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ इस अभियान को मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और जनहित के मुद्दों पर राष्ट्रीय लोकदल सदैव मजबूती से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
पदयात्रा में पार्लियामेंट्री बोर्ड के मेम्बर चंद्रबली यादव, युवा रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय लोकदल प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अम्बुज पटेल, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर, अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह, जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश तिवारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी, बी. एल. प्रेमी, अफसर अली, रामावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव आदि नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति ने संगठन की एकजुटता, सक्रियता और एनडीए के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा