रालाेद अध्यक्ष जयंत चौधरी का 30 अगस्त को लखनऊ दाैरा, पार्टी पदाधिकारियाें के साथ करेंगे राजनीतिक बैठक
लखनऊ, 27 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह 30 अगस्त को लखनऊ आएंगे। यहां गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं विचार-विमर्श बैठक लेंगे। यह जानकारी गुरुवार काे राजधानी लखनऊ के पार्टी मुख्यालय में पत्रकाराें काे संबाेधित करते हुए उत्तर प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने दी।
उन्होंने कहा कि 30 अगस्त का यह कार्यक्रम राष्ट्रीय लोकदल के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने और प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। चौधरी जयंत सिंह इस अवसर पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को आगामी राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण संदेश देंगे।
अनुपम मिश्रा ने कहा कि रालोद लगातार समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ रहा है। विशेष रूप से ब्राह्मण समाज के बीच पार्टी की विचारधारा और चौधरी चरण सिंह के सामाजिक न्याय, किसान हित एवं सर्वसमावेशी राजनीति को लेकर सकारात्मक वातावरण बना है। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 30 अगस्त के कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के साथ-साथ सवर्ण समाज के कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक चेहरे अपने समर्थकों के साथ रालोद की सदस्यता ग्रहण करेंगे। पूर्वांचल सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग लखनऊ पहुंचेंगे। इन लोगों के पार्टी से जुड़ने से संगठन को निश्चित रूप से नई ताकत और व्यापक सामाजिक आधार मिलेगा।
पार्टी अब किसी क्षेत्र तक सीमित नहीं
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रालोद अब किसी एक क्षेत्र तक सीमित राजनीतिक शक्ति नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूर्वांचल, मध्यांचल, बुंदेलखंड और प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी पार्टी का संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है। नए सामाजिक एवं राजनीतिक नेतृत्व को पार्टी से जोड़ने का अभियान लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि चौधरी जयंत सिंह की युवाओं और Gen-Z को लेकर स्पष्ट सोच पार्टी के संगठनात्मक बदलावों में भी दिखाई दे रही है। पार्टी नेतृत्व नई पीढ़ी को राजनीति में आगे बढ़ाने, युवाओं को जिम्मेदारी देने और संगठन में नई कार्यशैली विकसित करने पर विशेष जोर दे रहा है। हाल में किए गए संगठनात्मक बदलाव इसी नई सोच का परिणाम हैं।
अनुपम मिश्रा ने कहा कि रालोद की कार्यशैली में कार्यक्षमता, सक्रियता और जिम्मेदारी को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसी क्रम में हाल ही में क्षेत्रीय अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्रीय अध्यक्षों की लिखित परीक्षा भी कराई गई। उन्होंने कहा कि संगठन में पद केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और जवाबदेही का विषय है। उन्होंने कहा कि हर चुनौती से निपटने में पार्टी पूरी तरह सक्षम है। कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है और संगठन 2027 के लिए पूरी ताकत के साथ तैयार हो रहा है। पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में मजबूत, सक्रिय और जिम्मेदार संगठन खड़ा करना है।
मिश्रा ने कहा कि 30 अगस्त का कार्यक्रम इसी व्यापक संगठनात्मक अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सदस्यता अभियान, कार्यकर्ता सम्मेलन और संगठनात्मक कार्यक्रमों को और गति दी जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल 2027 में उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत और निर्णायक शक्ति के रूप में उभरेगा।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि 30 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि चौधरी जयंत सिंह की मौजूदगी में होने वाला यह कार्यक्रम संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा।
प्रेस वार्ता में वरिष्ठ नेता रजनीकांत मिश्रा, रमावती तिवारी, पी. के पाठक, राम गोपाल चंदेल सहित पार्टी के प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा