रालोद में आधी आबादी को पूरा हक, निर्णय और नेतृत्व में भागीदारी पर जोर : अनुपम मिश्रा
सामाजिक कार्यकर्ता रमा सोती नें समर्थकों सहित थामा रालोद का दामन
लखनऊ, 18 सितम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने महिलाओं की भागीदारी को संगठन में और प्रभावी बनाने पर जोर दिया है। शुक्रवार को बौद्ध शोध संस्थान सभागार, विपिन खंड, गोमती नगर में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता रमा सोती ने अपने समर्थकों के साथ रालोद की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रालोद उत्तर प्रदेश के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा रहे।
इस माैके पर अनुपम मिश्रा ने कहा कि रालोद किसान, मजदूर, युवा, महिला और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी को महत्व देता है। चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में पार्टी लगातार अपने जनाधार का विस्तार कर रही है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी केवल संख्या तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया और सामाजिक-राजनीतिक नेतृत्व में भी उनकी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जेन-जी, महिलाओं और बुद्धिजीवी वर्ग में भी रालोद के प्रति रुचि और जुड़ाव बढ़ रहा है। चौधरी चरण सिंह की विचारधारा में किसान, गांव, गरीब, मजदूर और वंचित वर्गों के सम्मान एवं सशक्तिकरण को प्रमुख स्थान मिला था। इसी भावना के साथ समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
रालोद महिला प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह ने कहा कि महिलाओं को केवल संगठन की संख्या बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका देने के लिए आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, रोजगार, स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद रमा सोती ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। मूल रूप से अयोध्या की रहने वाली रमा सोती ने बताया कि पिछले एक दशक से वह महिलाओं के रोजगार, जागरूकता और स्वावलंबन से जुड़े कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया गया है। रालोद के माध्यम से इन सामाजिक कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।
मयंक त्रिवेदी ने बताया कि रमा सोती के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, महिला प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों की मौजूदगी रही। उन्होंने बताया कि सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों को संगठन के साथ जोड़ना और संगठन को समाज के विभिन्न वर्गों तक और अधिक मजबूत करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न चौधरी चरण सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता सुरेश गुप्ता, वसीम हैदर, रामावती तिवारी, आरपी सिंह, चंद्रकांत अवस्थी, इजहार अहमद शाह, अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय, जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश तिवारी, डॉ. सर्वेश त्रिपाठी, मंजू शुक्ला, लीला श्रीवास्तव, सुशीला मदान समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा