बच्चों के सही मार्गदर्शन से बनेगा बेहतर कल : सतीश महाना

 




कानपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। वर्तमान समय में उन्नत तकनीक का प्रभाव हम सभी पर बढ़ता जा रहा है। हमें अपनी बुद्धि, ज्ञान और विवेक से तकनीक को अपने वश में रखना सीखना होगा। आज के छोटे बच्चे जन्म से ही स्मार्ट होते हैं, जिनका सही मार्गदर्शन करना जरूरी है। बचपन से ही बच्चों में ऐसे संस्कार विकसित होने चाहिए, ताकि देश के हर बच्चे का व्यवहार अच्छा हो और वे शिक्षा के प्रति प्रेरित रहें। यह बातें शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कही।

चकेरी के श्याम नगर स्थित आर्यावर्त किड्स प्ले स्कूल का भव्य उद्घाटन आज सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दीप प्रज्जवलित कर शिक्षा के इस मंदिर का उद्घाटन किया। विद्यालय की संस्थापिका नीतू सिंह ने बताया आर्यावर्त किड्स प्ले स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आधुनिक एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए समर्पित है।

विद्यालय की निर्देशिका रितु सिंह ने कहा कि यह स्कूल ‘लिटिल स्टेप्स, बिग ड्रीम्स’ की भावना के साथ नन्हें बच्चों को सुरक्षित, स्नेहमय और शिक्षाप्रद वातावरण देगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्ले ग्रुप, नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी तक की कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जहां प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा बच्चों को गतिविधि आधारित शिक्षा दी जाएगी।

कार्यक्रम में मौजूद महिला अतिथि ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की नींव होती है। सुरक्षित माहौल और सकारात्मक सीख बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ संस्कार और अनुशासन भी दें।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ बच्चों के अभिवावक भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप