दलहन के निःशुल्क मिनीकिट के लिए पोर्टल पर आवेदन करें किसान : कृषि मंत्री

 


लखनऊ, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सोमवार को विधान भवन स्थित कक्ष संख्या 48 में दलहन मिनिकिट वितरण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण वितरण की समीक्षा बैठक की। कृषि मंत्री ने प्रदेश के किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में एग्रीदर्शन यूपी पोर्टल पर आवेदन कर दलहन मिनिकिट योजना का लाभ उठाएं।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रदेश स्तर पर दलहन मिनिकिट (चना, मटर और मसूर) के 2,09,378 पैकेट लक्ष्य के सापेक्ष 1,88,045 पैकेट बुक कर 90 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर ली गई है। तोरिया मिनिकिट में भी 30,000 पैकेट के सापेक्ष 23,963 पैकेट (80 प्रतिशत) की बुकिंग पूरी हो चुकी है। मण्डलों में चित्रकूट ने तोरिया में 368 प्रतिशत और बरेली ने 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया, जबकि दलहन में मेरठ मण्डल 174 प्रतिशत और कानपुर मण्डल 156 प्रतिशत उपलब्धि के साथ अग्रणी रहे। जनपदों में अमरोहा, रायबरेली और हमीरपुर में भी मिनिकिट बुकिंग में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रदेश में बीमित किसानों की संख्या खरीफ-2025 के 20.79 लाख से बढ़कर खरीफ-2026 में 23.54 लाख हो गई है, जिसमें कुल आवेदन 83.87 लाख तक पहुंचे हैं। केसीसी के सापेक्ष कुल फसल बीमा सैचुरेशन 61 प्रतिशत से उछलकर 84 प्रतिशत हो गया है, जिसमें सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की भागीदारी 82 प्रतिशत और को-ऑपरेटिव बैंकों की 83 प्रतिशत रही। इसके साथ ही, खरीफ-2026 में स्थानिक आपदा के पात्र आवेदनों में से 86 प्रतिशत पर त्वरित सर्वेक्षण की कार्यवाही सुनिश्चित की गई है।

बैठक में प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र, विशेष सचिव संजीव रंजन, निदेशक कृषि डॉ. टी.एम. त्रिपाठी, निदेशक सांख्यिकी सुमिता सिंह, कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन